MP ELECTION: मध्य प्रदेश में बोलीं प्रियंका गांधी, कहा- ‘जल जंगल जमीन पर आपका अधिकार’

प्रियंका गांधी ने मंडला जिले में जन आक्रोश रैली को संबोधित किया। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद रहे।

MP ELECTION: मध्य प्रदेश में बोलीं प्रियंका गांधी, कहा- ‘जल जंगल जमीन पर आपका अधिकार’

MP ELECTION: चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में नेताओं की रैलियों का दौर जारी है। इसके मद्देनजर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने आज मध्यप्रदेश का दौरा किया। प्रियंका गांधी ने मंडला जिले में जन आक्रोश रैली को संबोधित किया। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Former Chief Minister Kamal Nath) भी मौजूद रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हम चाहते हैं कि देश की, राज्य की, आपके जिले की संपत्ति आपके हाथ में हो। यही कांग्रेस पार्टी की परंपरा और सिद्धांत रहा है। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने लोगों को याद दिलाया कि इंदिरा गांधी ने ही उनको पट्टे दिलवाए थे। उन्होंने कहा ये पट्टे इस भावना से दिलवाए थे कि ये आपकी जमीन है, आपका सम्मान है। आपके लिए वन अधिकार कानून लाया गया, ताकि वन पर सबसे पहला अधिकार आपका रहे। यही आपकी और मनुष्यता की मूल संस्कृति रही है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका (Congress General Secretary Priyanka) ने आगे कहा कि 'आपको मजबूत करने के लिए कांग्रेस मनरेगा और भोजन का अधिकार लेकर आई है। कांग्रेस ने पंचायत व्यवस्था को मजबूत किया। कांग्रेस ने आपको जितने भी अधिकार दिए, बीजेपी की सरकार ने एक-एक कर के सब अधिकार छीन लिए, सरपंचों के अधिकार में कटौती की गई, मनरेगा को लागू ही नहीं किया गया, जमीनें छीनी गईं, उपज के सही दाम नहीं दिए गए।

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा, '18 साल की बीजेपी सरकार में आदिवासियों पर अत्याचार में मध्य प्रदेश नंबर 1 पर है। आदिवासियों को वन अधिकार नहीं मिल रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा बच्चियां मध्य प्रदेश में गायब हो रही हैं। यहां हर दिन 17 बलात्कार होते हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में डेढ़ लाख महिलाएं और बच्चियां गायब हो गई हैं, यहां सबसे ज्यादा अत्याचार है। प्रियंका ने आगे कहा कि जल जंगल जमीन पर आपका अधिकार हैं। यह अधिकार आपको जरूर मिलना चाहिए। इन पर हमारे आदिवासी भाई बहन का अधिकार हैं। प्रियंका ने कहा कि हमारी संस्कृति का विकास कैसे होगा? हमारी संस्कृति आगे कैसे बढ़ेगी? हमारी संस्कृति की सुरक्षा कैसे की जाएगी? अब  यह आपको सोचना है। प्रियंका ने कहा कि मैं आपसे आपका वोट नहीं आपकी जागरूकता मांगती हूं जिस दिन आप सभी लोग जागरुक हो जाएंगे। उस दिन आप सही गलत का निर्णय कर पाएंगे।