Harda Factory Blast : हरदा फैक्ट्री ब्लास्ट में रेस्क्यू मिशन पर वाराणसी से आई NDRF की 35 सदस्यीय टीम

कल रात से अब तक लगातार उसका मलबा हटाया जा रहा है, ताकि मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द रेस्कयू किया जा सके। इसी के लिए वाराणसी हेडक्वाटर से नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की 35 सदस्यों की टीम आई है। 

Harda Factory Blast : हरदा फैक्ट्री ब्लास्ट में रेस्क्यू मिशन पर वाराणसी से आई NDRF की 35 सदस्यीय टीम

Harda Factory Blast : मध्यप्रदेश के हरदा में कल मंगलवार को हुए पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि 217 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। इनमें फैक्ट्री के 51 मजदूर शामिल हैं।इसी के चलते कल रात से अब तक लगातार उसका मलबा हटाया जा रहा है, ताकि मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द रेस्कयू किया जा सके। इसी के लिए वाराणसी हेडक्वाटर से नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की 35 सदस्यों की टीम आई है। 

मलबे के नीचे पटाखे दबे होने से हो रहे धमाके

आधा दर्जन पोकलेन मशीन रातभर से मलबा हटा रही है। बुधवार सुबह से पोकलेन मशीनों से मलबा हटाया जा रहा है। मलबे के नीचे बड़ी मात्रा में बारूद और पटाखें हैं। इस कारण लगातार धुआं उठ रहा है। पटाखे अभी भी फूट रहे हैं। आग को शांत करने के लिए दमकलों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। आस-पास जिलों से लगातार दमकल वाहन पहुंच रहे हैं। अब तक 300 से ज्यादा दमकल वाहन आ चुके हैं।

मलबे से लोगों को निकाल रही NDRF

मंगलवार देर रात तक घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं 51 गंभीर घायलों को भोपाल, इंदौर और नर्मदापुरम रेफर किया गया, हालांकि कई लोगों के अब भी लापता होने की खबर हैं। वाराणसी स्थित हेडक्वार्टर से एनडीआरएफ की 35 सदस्यीय टीम सुबह मौके पर पहुंची। फैक्ट्री में जहां तलघर में बारूद और कर्मचारी मौजूद थे उस तलघर से मलबा हटाने का काम शुरू हुआ है। NDRF मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटी है। वहीं दूसरी ओर हालात का जायजा लेने के लिए आज बुधवार 7 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरदा जाएंगे।

फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार

हादसे में फैक्ट्री के आसपास बने 60 घर जल गए। एहतियातन 100 से ज्यादा इमारतों को खाली करा लिया गया। हरदा एसडीएम केसी परते का कहना है कि फैक्ट्री अनफिट थी। फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल और रफीक खान को रात करीब 9 बजे राजगढ़ जिले के सारंगपुर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ हरदा सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया है।

घायलों से मिले PCC चीफ

पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी हरदा पहुंचे और जिला अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना और फैक्ट्री के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जीतू पटवारी और पीसी शर्मा हरदा में सुबह 11 बजे मीडिया से बात करेंगे।