Bihar News: आज से मौन धरने पर जीतन राम मांझी, नीतीश कुमार पर किया तंज

नीतीश कुमार की विवादित टिप्पणी के बाद आज मंगलवार 14 नवंबर से जीतन राम मांझी मौन धरने पर बैठने जा रहे हैं। हालांकि इससे पहले जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार पर तंज करते हुए राहुल गांधी को एक हिदायत दे डाली। 

Bihar News: आज से मौन धरने पर जीतन राम मांझी, नीतीश कुमार पर किया तंज

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बीच शुरु हुआ विवाद अब और गहराता नजर आ रहा है। नीतीश कुमार की विवादित टिप्पणी के बाद आज मंगलवार 14 नवंबर से जीतन राम मांझी मौन धरने पर बैठने जा रहे हैं। हालांकि इससे पहले जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार पर तंज करते हुए राहुल गांधी को एक हिदायत दे डाली।

धरने से पहले नीतीश पर तंज

आज से अपने मौन धरने की शुरुआत कर रहे जीतन राम मांझी ने धरना शुरु करने से पहले भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर नमन करते हुए नीतीश कुमार पर जोरदार तंज कसा। मांझी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट किया कि "भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर शत-शत नमन। इसके आगे मांझी ने कहा कि- राहुल गांधी जी से आग्रह है कि आज के दिन वह नीतीश कुमार जी से कभी भूल के भी ना मिलें, नहीं तो नीतीश कुमार, पंडित नेहरू की जगह राहुल जी की ही जयंती मनाने लगेंगें।

जीवित व्यक्ति को दे दी श्रद्धांजलि

बिहार के सीएम नीतीश कुमार कुछ दिन पहले अपनी सरकार में मंत्री अशोक चौधरी के घर उनके पिता महावीर चौधरी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान, उन्होंने मृत महावीर चौधरी की जगह अशोक चौधरी पर ही पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दे दी थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने नीतीश कुमार पर काफी चुटकी ली थी। इसी बात को लेकर आज जीतन राम मांझी ने ट्वीट के जरिए नीतीश पर हमला बोला।

विवादों में नीतीश कुमार

बता दें कि नीतीश कुमार पिछले कई दिनों से विवादों में घिरे हुए हैं। नीतीश कुमार ने कुछ दिन पहले बिहार विधानसभा में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करी थी जिसको लेकर बिहार ही नहीं पूरे देश में काफी विवाद हुआ। यही नहीं इसके चलते नीतीश कुमार के इस्तीफे की भी मांग तेज हो गई थी, जिसके बाद नीतीश कुमार को अपने बयान को लेकर माफी मांगनी पडी थी।

जीतन राम मांझी को लेकर क्या कहा

दरअसल जीतनराम मांझी को लेकर नीतीश कुमार ने सदन में कहा था कि, इस आदमी को कोई आइडिया है, कि इसको हमने मुख्यमंत्री बना दिया था। दो महीने के अंदर ही मेरी पार्टी के लोग कहने लगे की इसको हटाइए। इसके बाद सीएम नीतीश ने कहा कि इस आदमी को मैंने अपनी मूर्खता से मुख्यमंत्री बना दिया था, इसको कोई सेंस नहीं है।