Ayodhya News: अयोध्या दीपोत्सव में दिखेंगी रामायण के सातों अध्यायों की झांकियां

यूपी पर्यटन विभाग दीपोत्सव के मौके पर रामायण के सातों अध्यायों (कांड) पर आधारित झांकियां निकालने जा रहा है। इसके अलावा पंचकोसी, 14 कोसी व 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थापित मठ मंदिरों और सामाजिक स्थलों पर पर्यटन विभाग सात लाख दिए जलाएगा।

Ayodhya News: अयोध्या दीपोत्सव में दिखेंगी रामायण के सातों अध्यायों की झांकियां

Ayodhya News: रामनगरी अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियों बहुत तेजी से चल रही हैं। इस बार के दीपोत्सव पर नया कीर्तिमान रचने के लिए पर्यटन विभाग ने सारी तैयारियां कर ली हैं। यूपी पर्यटन विभाग दीपोत्सव के मौके पर रामायण के सातों अध्यायों (कांड) पर आधारित झांकियां निकालने जा रहा है। इसके अलावा पंचकोसी, 14 कोसी व 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थापित मठ मंदिरों और सामाजिक स्थलों पर पर्यटन विभाग सात लाख दिए जलाएगा।

झांकियां सजाने का कार्य शुरू 

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि दीपोत्सव पर कुल 8 झांकियां निकाली जाएंगी। इसमें सात झाकियां तुलसीकृत राम चरित मानस के सात अध्याय बाल काण्ड, अयोध्या काण्ड, अरण्य काण्ड, सुन्दर काण्ड, किष्किंधा काण्ड, लंका काण्ड व उत्तर काण्ड पर आधारित सात झांकियां होंगी। इसके अलावा एक राम रथ की झांकी निकाली जाएगी। ये झांकियां साकेत महाविद्यालय से प्रारंभ होकर नया घाट तक जाएंगी। झांकियों को सजाने का कार्य शुरू हो गया है।

सभी मठ मंदिरों पर दीये जलाने की तैयारी

आरपी यादव ने बताया अयोध्या की पंचकोसी, 14 कोसी व 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थापित सभी मठ मंदिरों एवं सामाजिक स्थलों पर पर्यटन विभाग की ओर से दीपोत्सव पर दिए जलाने की व्यवस्था की जा रही है। योगी सरकार इस बार दीपोत्सव पर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

11 नवंबर को आयोजित होगा दीपोत्सव का कार्यक्रम 

पर्यटन मंत्री ने जयवीर सिंह ने बताया कि 11 नवंबर को अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित होगा। हम हर साल नए रिकॉर्ड बनाने की कोशिश करते हैं। पिछले साल हमने 17 लाख से ज्यादा दीये जलाकर गीनीज वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम नाम दर्ज करवाया था। इस बार भी हम अपना रिकॉर्ड तोड़ने का काम करेंगे। 

दीपोत्सव में 24 लाख दिये जलाने का लक्ष्‍य 

बता दें कि इस बार अयोध्या दीपोत्सव में 24 लाख दिये जलाने का लक्ष्‍य रखा गया है। इसे पूरा करने के लिए पर्यटन विभाग सात लाख दीये जलाकर सहयोग करेगा।