karnataka: फसल नुकसान होने पर कर्नाटक में किसान ने की आत्महत्या

कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले में सोमवार को बारिश की कमी के कारण फसल के नुकसान के बाद 55 साल के एक किसान ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

karnataka: फसल नुकसान होने पर कर्नाटक में किसान ने की आत्महत्या

Karnataka News: कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले में सोमवार को बारिश की कमी के कारण फसल के नुकसान होने पर 55 साल के एक किसान ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस के मुताबिक, कडूर तालुक के लिंगदहल्ली के रहने वाले किसान कृष्णा नाइक ने अपने घर पर फांसी लगा कर आत्म हत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार किसान ने 3 लाख रुपये का कर्ज लिया था और अपने खेत में रागी और ज्वार की फसल बोई थी। बारिश न होने के कारण फसल नष्ट हो गई। इसके बाद किसान ने यह कदम उठाया। अकेले कदुर तालुक में पिछले 40 दिनों में किसानों की यह पांचवीं आत्महत्या है।

इस मामले में सखारायपटना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। सरकार ने चिक्कमगलुरु जिले के कदुर तालुका को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने किसानों के लिए एक हेल्पलाइन भी जारी की  है। अधिकारियों के अनुसार, कर्नाटक में पिछले 18 महीनों में फसल के नुकसान के बाद कुल 1,219 किसानों ने अपनी जान गवाई है।

राज्य सरकार ने राज्य के 236 में से 194 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है और 4,860 करोड़ रुपये का राहत पैकेज केंद्र से मांगा है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा कि करीब 42 लाख हेक्टेयर फसल का नुकसान हुआ है। राज्य में कुल मिलाकर 30,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल केंद्रीय दल राज्य के 11 जिलों का दौरा कर स्थिति का आकलन कर रहा है।