UP News: आगरा के ब्रह्माकुमारी आश्रम में 2 सगी बहनों ने की आत्महत्या, चार लोगों पर लगाया आरोप

घटना शुक्रवार रात की है जहां दोनों बहनों ने एक महिला समेत चार लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए आत्महत्या कर ली। मरने से पहले दोनों बहने ने सुसाइड नोट भी लिखा। जिसमें लाखों रुपए हड़पने से लेकर अन्य अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाया है।

UP News: आगरा के ब्रह्माकुमारी आश्रम में 2 सगी बहनों ने की आत्महत्या, चार लोगों पर लगाया आरोप

UP News: आगरा के जिगनेर में स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में 2 सगी बहनों ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना शुक्रवार रात की है जहां दोनों बहनों ने एक महिला समेत चार लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए आत्महत्या कर ली। मरने से पहले दोनों बहने ने सुसाइड नोट भी लिखा। जिसमें लाखों रुपए हड़पने से लेकर अन्य अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाया है। इसके साथ ही नोट में सीएम योगी को संबोधित करते हुए लिखा कि आरोपियों को आसाराम की तरह ही जेल में रखने की मांग की है।

सोशल मीडिया एप पर भेजा सुसाइड नोट

आत्महत्या करने से पहले तांतपुर की एकता और शिखा ने सुसाइड नोट को परिवार के लोगों को वॉट्सऐप और आश्रम के सोशल मीडिया ग्रुप पर भेज दिया। सूचना मिलते ही डीसीपी और एसीपी रात में ही आश्रम पहुंच गए और लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस को आश्रम के कमरे से दो सुसाइड नोट भी मिले है। जिसको पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। सुसाइड नोट में आत्महत्या करने के लिए नीरज सिंघल, धौलपुर के ताराचंद, नीरज के पिता और ग्वालियर आश्रम में रहने वाली एक महिला को जिम्मेदार बताया है। एक बहन ने एक पेज का सुसाइड नोट लिखा है जबकि, दूसरी बहन ने तीन पेज का नोट लिखा है। 

आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग

आत्महत्या करने से पहले लिखे सुसाइड नोट में एक बहन ने अपनी मौत के लिए जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। नोट में पूरे मामले का पर्दाफाश किया है। नोट में लिखा है कि नीरज ने सेंटर में रहने का वादा किया था। लेकिन सेंटर बनने के बाद उसने बात करना ही बंद कर दिया। एक साल से हम दोनों बहनें रो रहीं है, लेकिन उसने हमारी एक ना सुनी। उसका साथ उसके पिता, ताराचंद और ग्वालियर आश्रम में रहने वाली महिला ने दिया।

वहीं, एक बहन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए सुसाइड नोट लिखा है। इसमें सीएम योगी से आरोपियों को आशाराम बापू की तरह सजा दिलाने की मांग की है। इसके साथ ही नोट में लिखा है इन लोगों ने बहुत लोगों के साथ गलत किया है।

आरोपियों ने हड़पे लाखों रुपए

एसीपी खेरागढ़ महेश कुमार ने बताया कि जगनेर कस्बा के ब्रह्मकुमारी आश्रम में रहने वाली दोनों सगी बहनों ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट लिखे। नोट में दोनों बहनों ने आश्रम से जुड़े तीन लोगों और एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सुसाइड नोट में चारों लोगों पर रुपये हड़पने और अन्य अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाया है। इसके कारण दोनों बहने पिछले एक साल ने बहुत परेशान थीं। दोनों बहनों ने सेंटर बनवाने के लिए पिता के दिए सात लाख रुपये और गरीब माताओं की 18 लाख रुपये की रकम दी थी, वो लोग सारा रुपया हड़प कर गए। नोट में लिखा कि धन हड़पने और महिलाओं के साथ अनैतिक कार्य करके दबंगई भी करते हैं।