Barabanki Flood: बाराबंकी में नाव से दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, बारात देखने उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश के कई जिले भी बाढ़ की चपेट में हैं। जिससे करीब 800 गांव के लोग प्रभावित हैं। इस बीच यूपी के बाराबंकी में एक दुल्हा गाजे बाजे के साथ नाव से अपनी दुल्हन को लेकर पहुंचा। जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।

Barabanki Flood: बाराबंकी में नाव से दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, बारात देखने उमड़ी भीड़

Barabanki Flood: देश में सभी राज्यों में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में जल प्रलय आ गया है। जहां एक तरफ हिमाचल प्रदेश में पहाड़ दरकने की लगातार खबरे आ रही हैं वहीं असम में बाढ़ से हालात गंभीर हैं। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कई जिले भी बाढ़ की चपेट में हैं। जिससे करीब 800 गांव के लोग प्रभावित हैं। इस बीच यूपी के बाराबंकी (barabanki) में एक दुल्हा गाजे बाजे के साथ नाव से अपनी दुल्हन को लेकर पहुंचा। जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। 

पानी में हुआ शादी समारोह

नाव से शादी करने पहुंचा दूल्हा क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। दरअसल, सरयू नदी (Saryu River) का जलस्तर बढ़ने से तलहटी में बसे गांवों में पानी भर गया है। तटबंध के अंदर बने मकानों में पानी घुस गया है। यहां के लोगों ने पलायन कर ऊंचे स्थानों पर शरण ली है। किसानों की सैकड़ों एकड़ फसलें भी जलमग्न हो गई हैं। वहीं इलाके में बाढ़ आने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में किसी के घर में शादी है तो किसी के घर में कोई दूसरा कार्यक्रम है। इस बीच लोग तरह-तरह के जतन कर रहे हैं।

नाव सवार दूल्हे को देखने उमड़ी भीड़

अनोखी शादी का यह मामला बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र (Mohammadpur Khala police station area) का है। नेपाल (Nepal) से पानी छोड़े जाने के बाद कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इस बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की ग्राम पंचायत बल्लोपुर द्वितीय में माधव पुरवा के रहने वाले राम आसरे की बेटी की शादी होनी थी। सूरतगंज ब्लॉक के सैलक गांव से राघवराम की बारात आनी थी। लेकिन गांव को जाने के लिए रास्ता नहीं था। सड़क मार्ग न होने पर दूल्हा राघवराम दुल्हनिया लेने के लिए डीजे, बाजा और बराती लेकर नाव से निकल पड़ा। वह नाव से बारात लेकर शादी करने के लिए लड़की के गांव पहुंच गया। नाव सवार दूल्हे को देखने के लिए गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। क्षेत्र में नाव सवार बारातियों की खूब चर्चा हो रही है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नेपाल के गिरजा व शारदा बैराज से छोड़ा गया पानी

बता दें कि सरयू नदी (Saryu River) का जलस्तर खतरे के निशान 106.70 से 47 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि, मंगलवार रात से जलस्तर घट रहा है। नेपाल के गिरजा व शारदा बैराज (Girja and Sharda Barrage) से मंगलवार को चार लाख तीस हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिससे सरयू नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया। इससे नदी के किनारे बसे गांव में पानी भर गया है। लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर अपना ठिकाना बनाया है।