Sahara Hospital: मैक्स हेल्थकेयर ने खरीदा लखनऊ का सहारा हॉस्पिटल, 940 करोड़ में हुई डील

सहारा हॉस्पिटल में खास तौर पर गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरो, सर्जरी, कार्डियोलॉजी, पल्मोनोलॉजी का इलाज खास तौर पर होता है। यही नहीं इस परिसर में एक नर्सिंग कॉलेज भी जहां नर्सिंग की पढ़ाई होती है। सहारा अस्पताल में सालाना 2 लाख मरीज इलाज के लिए आते हैं।

Sahara Hospital: मैक्स हेल्थकेयर ने खरीदा लखनऊ का सहारा हॉस्पिटल, 940 करोड़ में हुई डील

Sahara Hospital: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में स्थित सहारा इंडिया ग्रुप का सहारा हॉस्पिटल (Sahara Hospital in Lucknow) सहारा ग्रुप के मालिक की मौत के एक महीने के अंदर ही बिक गया। बता दें कि बीते 14 नवंबर को ही सहारा श्री सुब्रत रॉय (Subrato Roy Sahara) का निधन हो गया था। निधन के 30 दिन के अंदर ही मैक्स ग्रुप (Max Group) ने 940 करोड़ रुपए में सहारा हॉस्पिटल का अधिग्रहण कर लिया। दरअसल मैक्स की तरफ से स्टॉक एक्सचेंज (Stock Exchange) को दी गई जानकारी में यह बात सामने आई है कि सहारा हॉस्पिटल बिक गया है।

स्टारलिट है मालिक 

बता दें कि मैक्स ग्रुप (Max Group) से पहले सहारा अस्पताल का मालिकाना हक स्टारलिट मेडिकल सेंटर प्राइवेट लिमिटेड (Starlit Medical Centre Private Limited) के पास सुरक्षित था। अब मैक्स हेल्थकेयर ने स्टारलिट मेडिकल सेंटर में 100 फीसदी हिस्सेदारी हासिल कर ली है। सहारा अस्पताल फरवरी 2009 में खुला था। बीते 14 सालों से यह यूपी और बाहर के विभिन्न हिस्सों के मरीजों के लिए खास था। हर साल यहां करीब 2 लाख मरीज इलाज के लिए आते हैं

हाई फैसिलिटी वाला अस्पताल

गोमती नगर के विराज खंड में 27 एकड़ में फैले सहारा हॉस्पिटल को मैक्स हेल्थकेयर (Max Healthcare) ने 940 करोड़ में खरीद लिया है। सहारा हॉस्पिटल 9 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बनी हुई 17 मंजिला इमारत है जिसमें 550 बेड है। यहां खास तौर पर गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरो, सर्जरी, कार्डियोलॉजी, पल्मोनोलॉजी का इलाज खास तौर पर होता है। यही नहीं इस परिसर में एक नर्सिंग कॉलेज भी जहां नर्सिंग की पढ़ाई होती है। सहारा अस्पताल में सालाना 2 लाख मरीज इलाज के लिए आते हैं।

मैक्स हैल्थकेयर का बयान

मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट लिमिटेड (Max Healthcare Institute Limited)) के अध्यक्ष और मैनेजिंग डायरेक्टर अभय सोई ने इस डील पर बयान देते हुए कहा कि इस डील से हम बहुत खुश हैं। यह डील हमारी नए टियर I/II शहरों में एंट्री की रणनीति का हिस्सा है। लखनऊ में अपनी उपस्थिति के माध्यम से हमारा लक्ष्य यूपी में लोगों को बेहतर हेल्थ सर्विस उपलब्ध कराना है।

ये भी पढ़ें-Subrata Roy: सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय का मुंबई में निधन 

सहारा ग्रुप के संस्थापक की मौत

बता दें कि सहारा के संस्थापक सुब्रत रॉय सहारा का 75 साल की उम्र में 14 नवंबर को निधन हो गया था। दरअसल सहारा श्री हाईपरटेंशन, मेटा स्टैटिक मेलिगनेंसी और अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे जिसके चलते 12 नवंबर को मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल (Dhirubai Kokilaben Hospital Mumbai) में उन्हें भर्ती कराया गया था। इसी के बाद 14 नवंबर को कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट की वजह से उनका निधन हो गया।

पहले भी बिकने को था

बता दें कि सहारा ग्रुप काफी समय से वित्तीय समस्याओं से जूझ रहा है। जानकारी के मुताबिक पहले भी सहारा हॉस्पिटल के बिकने की बात सामने आई थी। उस दौरान चर्चा थी कि लखनऊ के बड़े उद्योगपति और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे डॉ. अखिलेश दास (Dr. Akhilesh Das) इसे खरीदने वाले थे। मगर, ऐलान के ठीक पहले अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से BBD ग्रुप ने इस डील में दिलचस्पी नही दिखाई।