Modi Guarantee Scheme : माहौल हमारे अनुकूल, यूपी की सभी 80 सीटें जीतना हमारा लक्ष्य - मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माहौल हमारे अनुकूल है, मोदी जी के 10 साल के काम, उनका नाम और नेतृत्व के साथ ही इस बार भगवान श्रीराम का भी आशीर्वाद हमारे साथ है। ऐसे में इस बार 80 में से 80 लोकसभा सीटें जीतने के संकल्प के साथ हमें आगे बढ़ना है।

Modi Guarantee Scheme : माहौल हमारे अनुकूल, यूपी की सभी 80 सीटें जीतना हमारा लक्ष्य - मुख्यमंत्री योगी

Modi Guarantee Scheme : बुधवार को मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विकसित भारत 'मोदी की गारंटी' पेटिका अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आयोजिक कार्यक्रम को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माहौल हमारे अनुकूल है, मोदी जी के 10 साल के काम, उनका नाम और नेतृत्व के साथ ही इस बार भगवान श्रीराम का भी आशीर्वाद हमारे साथ है। ऐसे में इस बार 80 में से 80 लोकसभा सीटें जीतने के संकल्प के साथ हमें आगे बढ़ना है।

उन्होंने कहा कि हमें अपनी बूथ संरचना को और सुदृढ़ करते हुए जनता के साथ बेहतर संवाद को और अधिक प्रगाढ़ करना है। याद रहे राजनीतिक दलों के व्यवहार और कार्यपद्धति को जनता हमेशा नोट करती है और वक्त आने पर जवाब भी देती है। पार्टी का प्रत्याशी मतलब कमल का फूल, हमें बस यही मानकर चलना है।

मिस्ड कॉल अभियान की भी शुरूआत

इसके अंतर्गत विकसित भारत 'मोदी की गारंटी' पेटिका को भाजपा कार्यकर्ता घर-घर लेकर जाएंगे और आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के संकल्प पत्र के लिए सुझाव मांगेंगे। इसके अलावा पार्टी की ओर से मिस्ड कॉल अभियान की भी शुरूआत की गई है। इसमें 9090902024 पर मिस्ड कॉल के जरिए भी पार्टी के संकल्प पत्र के लिए जनता से सुझाव आमंत्रित किये जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव जीतने का एक ही तरीका है, हम अपने बूथ पर ध्यान दें। बीजेपी का कार्यकर्ता संकल्पित होकर आगे बढ़ेगा तो इस परिणाम को कोई रोक नहीं सकता। सच्चा लोकतंत्र वही है, जहां जनता का शासन, जनता के द्वारा, जनता के लिए होता है और जनता का शासन जनता के सुझावों से ही प्रारंभ होता है।

भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक

उन्होंने कहा कि बीजेपी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि संकल्प पत्र के साथ जनता के पास जाती है। जनता को जनार्दन के रूप में मान्यता देकर हम उसकी उपासना और सेवा करते हैं। जनता की अपेक्षाओं को अपने जीवन का संकल्प मानकर अगले 5 साल की कार्ययोजना बनाते हैं और उसी पर कार्य करते हैं। जनता से सुझाव प्राप्त करने के इसी अभियान का शुभारंभ हो रहा है। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। हमारे पास अपना तंत्र है, अपना स्वयं का संगठन है, विचार परिवार है, मोर्चे और प्रकोष्ठ हैं, शोध और प्रबंधन के प्रकोष्ठ हैं, इन सबके बावजूद जनता के सुझाव को हमने सर्वोपरि माना है। हम गांव-गांव में जाकर उनके महत्वपूर्ण सुझाव लेंगे।

बीजेपी हमेशा अपने संकल्पों को पूरा करती है

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने के लिए हम अपना संकल्प पत्र तैयार कर रहे हैं। बीजेपी हमेशा अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए जानी जाती है। हमने जो कहा उसे मोदी-योगी के नेतृत्व में पूरा किया है। हमारा कोई हिडेन एजेंडा नहीं, बल्कि हमारा हरदम ओपेन एजेंडा होता है। धारा 370 हो या श्रीराममंदिर का निर्माण, ये सभी बातें हमारे संकल्प पत्रों का हिस्सा रही हैं। हमारे सभी संकल्पों को मोदी-योगी के नेतृत्व में पूरा किया जा रहा है।