UP News: यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार शुरू, अब कांग्रेस ने राहुल को बताया प्रधानमंत्री

पहले सपा ने अखिलेश यादव को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए एक पोस्टर लगवाया था। वहीं, अब कांग्रेस ने उसके जवाब में राहुल गाधी को 2024 में देश का मुखिया और अजय राय को 2027 में प्रदेश का नेतृत्व करने का पोस्टर लगाया है।

UP News: यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार शुरू, अब कांग्रेस ने राहुल को बताया प्रधानमंत्री

UP News: 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में सियासी जंग शुरू हो गई है। ये जंग समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चल रही है। इस दौरान दोनों पार्टियां एक दूसरे पर एक के बाद एक वार करती नजर आ रही है। अब दोनों पार्टियां पोस्टर पर पोस्टर से जवाब दे रही है। पहले सपा ने अखिलेश यादव को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए एक पोस्टर लगवाया था। वहीं, अब कांग्रेस ने उसके जवाब में राहुल गाधी को 2024 में देश का मुखिया और अजय राय को 2027 में प्रदेश का नेतृत्व करने का पोस्टर लगाया है। 

‘2024 में राहुल गांधी बनेंगे प्रधानमंत्री’

कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगे इस पोस्टर में लिखा है ‘2024 में राहुल और 2027 में राय’। इस पोस्टर से सीधा संदेश दिया गया है कि 2024 में राहुल गांधी प्रधानमंत्री तो 2027 में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुख्यमंत्री बनेंगे। 

गठबंधन के तहत सीट ना मिलने से सपा नाराज़

जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के तहत सीट न मिलने से समाजवादी पार्टी कांग्रेस से नाराज है। जिसके बाद सपा अकेले चुनाव लड़ रही है। वहीं इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में सीट शेयरिंग को लेकर भी दरार बढ़ती जा रही है। दोनों ही दलों की तरफ से जुबानी जंग जारी है। ऐसे में कांग्रेस दफ्तर के बाहर पार्टी कार्यकर्ता ठाकुर नितांत सिंह नितिन द्वारा लगाए गए इस पोस्टर ने सपा और कांग्रेस के विवाद को और हवा दे दी है।

पहले सपा प्रवक्ता फखरुल हसन ने लगाया था पोस्टर

बता दें कि लखनऊ में बीते दिनों समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को 'भावी प्रधानमंत्री' बताते हुए एक होर्डिंग लगाया गया था। होर्डिंग लगाने वाले समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन ने कहा कि, समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि अखिलेश यादव देश के पीएम बनें। भारत गठबंधन में हम चाहते हैं कि अखिलेश यादव ही प्रधानमंत्री का चेहरा बनें। कोई भी दावा कर सकता है, लेकिन असल में जो भाजपा को हरा सकती है वो समाजवादी पार्टी है।''