SaharaShree Subrata Roy: आज सहारा शहर में सुब्रत रॉय के होंगे अंतिम दर्शन, 16 को होगा अंतिम संस्कार

सुब्रत राय को 12 नवम्बर की रात क्रिटिकल कंडीशन में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसके बाद कल रात दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गयी।

SaharaShree Subrata Roy: आज सहारा शहर में  सुब्रत रॉय के होंगे अंतिम दर्शन, 16 को होगा अंतिम संस्कार

SaharaShree Subrata Roy: सहाराश्री सुब्रत रॉय ने मुंबई के धीरूबाई अम्बानी अस्पताल में कल, 14 नवम्बर की रात 10.30 बजे आखरी सांस ली। सुब्रत रॉय को 12 नवम्बर की रात क्रिटिकल कंडीशन में अस्पताल में भर्ती करॉया गया था जिसके बाद कल रात दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गयी। उनका पार्थिव शरीर आज यानी बुधवार को लखनऊ के सहारा स्टेट में दोपहर 2 बजे लाया जाएगा। जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी। सहारा शहर में उनके करीबियों का आना-जाना शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि कल यानी गुरुवार को सुबह 10 बजे बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार होगा।

कौन थे सहाराश्री

साल 1948 में बिहार के अररिया में जन्मे सुब्रत रॉय ने अपने जीवन में लम्ब्रेटा स्कूटर से नमकीन बेचने से लेकर सहाराश्री बनने तक का सफर तय किया। सुब्रत रॉय ने साल 1978 में सहारा इंडिया परिवार की स्थापना की थी। अपने व्यक्तित्व और खुद के दम पर खड़े किए बिजनेस के लिए पूरी दुनिया में विख्यात हुए। 

क्या है सहारा

सहारा भारत की एक बहु-व्यापारिक कंपनी है, जो वित्तीय सेवाओं, हाउसिंग फाइनेंस, म्युचुअल फंड, जीवन बीमा, रीयल-इस्टेट, अखबार, टेलीविजन, फिल्म, खेल, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और पर्यटन समेत अनेकों क्षेत्रों में फैली हुई है। 2000 में सुब्रत रॉय ने सहारा टीवी लॉन्च किया था। सहारा इंडिया में 9 करोड़ से अधिक निवेशक और जमाकर्ता हैं जो भारत में लगभग 13 प्रतिशत परिवारों का प्रतिनिधित्व करते हैं। 
नेताओं से लेकर सितारों से भी थे कनेक्शन

सुब्रत रॉय लखनऊ में बनाए सहारा शहर में कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करते थे। इन पेज थ्री पार्टियों में क्रिकेटरों से लेकर बॉलीवुड सितारों का मजमा लगता था। सुब्रत रॉय के कई भारतीय नेताओं से भी निजी संबंध रहे थे।

क्यों जाना पड़ा जेल 

सेबी ने साल 2010 में सहारा ग्रुप पर जनता से पैसा लेने पर रोक लगाई थी जिसके बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद अदालत ने सहारा ग्रुप को निवेशकों के 24,029 करोड़ रुपए 15 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस करने का आदेश दिया। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि सहारा ग्रुप की कंपनियों ने सेबी के कानून को उल्लंघन किया है। कोर्ट ने कहा कि सहारा ग्रुप ने उन लोगों से भी पैसे इकट्ठा किए हैं जो बैंकिंग का लाभ ही नहीं उठा सकते थे। हालांकि सहारा ग्रुप की कंपनियां निवेशकों को भुगतान करने में असफल रहीं थी जिसकी वजह से 4 मार्च 2014 को सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय को तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। 6 मई 2016 को मां की मौत के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सुब्रत रॉय को पैरोल दी गई थी। जिसके बाद से वह लगातार पैरोल पर ही रहे। 

काफी समय से थे बीमार 

सहारा ग्रुप की जानकारी के मुताबिक सुब्रत रॉय को मेटा स्टैटिक मेलिगनेंसी, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी। जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती करॉया गया था, जहां कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट की वजह से उनका निधन हो गया।

फिल्मी सितारों समेत राजनेताओं ने दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहाराश्री के निधन पर एक पोस्ट कर शोक जताया है। इस पोस्ट में सीएम योगी ने लिखा है कि सहारा समूह के प्रमुख श्री सुब्रत रॉय जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें. ॐ शांति!

सुब्रत रॉय के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए हिंदी सिनेमा की अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने लिखा, 'वह शख्स जिसने अपने संघर्षमय जीवन में कभी हार नहीं मानी। प्रिय महोदय सहाराश्री की आत्मा को शांति मिले।

ये भी पढ़ें- Subrata Roy: सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय का मुंबई में निधन

उनके निधन पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शोक जताया है। उन्होंने लिखा, सहारा श्री सुब्रत रॉय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावात्मक क्षति हैं क्योंकि वो एक अति सफल व्यवसायी के साथ-साथ एक ऐसे अति संवेदनशील विशाल हृदयवाले व्यक्ति भी थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की और उनका सहारा बने. हम उनको भावभीनी श्रद्धांजलि देते हैं।