Kisan Andolan News : रेलवे ट्रैक पर जमे किसान, टोल भी कराए फ्री, शाम को केंद्रीय मंत्रियों से है मुलाकात

फसलों के लिए MSP की गारंटी समेत 12 प्रमुख मांगों को पूरी कराने के लिए किसान दिल्ली की सीमा से सटे शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसान दिल्ली पहुंचकर सरकार पर अपनी मांग को पूरी कराने का दबाव बनाना चाहते हैं।

Kisan Andolan News : रेलवे ट्रैक पर जमे किसान, टोल भी कराए फ्री, शाम को केंद्रीय मंत्रियों से है मुलाकात

Kisan Andolan News : आज 15 फरवरी को किसान आंदोलन 2.0 का तीसरा दिन है। पिछले 2 दिनों की तरह आज भी पंजाब- हरियाणा के किसान दिल्ली कूच के लिए प्रयासरत हैं। इसी के तहत किसानों ने आज पंजाब में रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारी किसान रेल की पटरी पर धरने के लिए बैठ गए हैं। 

6 जिलों में रेल रोको आंदोलन

गौरतलब हो कि फसलों के लिए MSP की गारंटी समेत 12 प्रमुख मांगों को पूरी कराने के लिए किसान दिल्ली की सीमा से सटे शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसान दिल्ली पहुंचकर सरकार पर अपनी मांग को पूरी कराने का दबाव बनाना चाहते हैं। किसानों ने आज पंजाब के 6 जिलों में 12 बजे से 4 बजे तक रेल रोकने का ऐलान किया है जिसके चलते किसान रेल की पटरी पर बैठ गए हैं। भारतीय किसान यूनियन उगराहां ने पंजाब के 6 जिलों लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब और मोगा में ट्रेनों को रोकने का ऐलान किया है।

टोल पर भी किसानों का कब्जा

वहीं रेल रोकने के साथ ही किसानों ने टोल भी फ्री करा दिए हैं। लुधियाना के दाखा में चोकीमान टोल प्लाजा को फ्री करवाने के किसान नेता इकट्‌ठा हुए। साथ ही रूपनगर के सोलख्या टोल प्लाजा लुधियाना में लाडोवाल टोल प्लाजा और होशियारपुर के चौलांग टोल प्लाजा को भी किसानों ने फ्री करवाया है।

जमा किए आंसू गैस के गोले

आंदोलन को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने 7 लेयर की बैरिकेडिंग और आंसू गैस के गोले छोड़कर किसानों को आगे बढ़ने से रोका हुआ है। दिल्ली पुलिस ने आज तीसरे दिन किसानों को रोकने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने बड़ी संख्या में आंसू गैस के गोले जमा कर लिए हैं और इसी के साथ मध्य प्रदेश के ग्वालियर के टेकनपुर की टियर स्मोक यूनिट से 30 हजार और गोलों का ऑर्डर दिया है।

ये भी पढ़ें-Kisan Andolan Delhi : शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों के बीच फिर हुई झड़प, पुलिस ने चलाई प्लास्टिक की गोलियां

AAP ने रद्द की रैलियां 

वहीं दूसरी ओर किसान आंदोलन के चलते आम आदमी पार्टी (AAP) ने 18 और 22 फरवरी को होने वाली दो बड़ी रैलियों को भी कैंसिल कर दिया है। गौरतलब हो कि इससे पहले पंजाब सरकार ने NRI मिलन समारोह में भी बदलाव किया था। संगरूर में 16 फरवरी को होने वाला NRI मिलन समारोह अब 29 फरवरी, जबकि फिरोजपुर में 22 फरवरी को होने वाला समारोह 27 फरवरी को होगा।