Ayodhya News: 23 जनवरी से राम मंदिर में दर्शन कर सकेंगे आम लोग, पहले बुक करना होगा टिकट

22 जनवरी को पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। अब हर ओर जय श्री राम के नारों की गूंज हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विधि-विधान के साथ रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अनुष्ठान संपन्न किया। अब 23 जनवरी 2024 से आम लोग भगवान राम के दर्शन कर सकेंगे।

Ayodhya News: 23 जनवरी से राम मंदिर में दर्शन कर सकेंगे आम लोग, पहले बुक करना होगा टिकट

Ayodhya News: 500 सालों के लंबे इंतजार के बाद रघुराई की अवधपुरी में प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। अयोध्या में रामलला विराजमान हो गए हैं। इसके साथ ही रामभक्तों की खुशी का ठिकाना नहीं है। 22 जनवरी को पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। अब हर ओर जय श्री राम के नारों की गूंज हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने पूरे विधि-विधान के साथ रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अनुष्ठान संपन्न किया। अब 23 जनवरी 2024 से आम लोग भगवान राम के दर्शन कर सकेंगे। ऐसे में अगर आप भी अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना चाहते हैं, तो ये लेख आपके लिए है। इस लेख में अयोध्या में रामलला के दर्शन के संबंधित हर जानकारी हैं।  इस लेख में हम आपको बताएंगे कि आम जनता रामलला के दर्शन कब से कर सकेगी? राम मंदिर दर्शन के लिए क्या करना होगा? रामलला के दर्शन का सही समय क्या है? साथ ही बताएंगे रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या कैसे पहुंचा जा सकता है?

23 जनवरी से मंदिर में दर्शन कर सकेंगे आम लोग 

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के मुताबिक, राम मंदिर 23 जनवरी से आम जनता के लिए सदा के लिए खुल जाएगा। केवल इतना ही जान लेना आपके लिए काफी नहीं है। क्योंकि राम मंदिर दर्शन के लिए आपको कुछ और काम भी करना होगा। इसीलिए हम यहां आपको बता रहे हैं कि अयोध्या कैसे पहुंचे, रामलला के दर्शन का सही समय क्या है, आरती का समय क्या है, साथ ही राम मंदिर के अलावा अयोध्या में किन-किन स्थानों पर जा सकते हैं। अगर आप राम मंदिर के दर्शन की योजना बना रहे हैं तो ये लेख आपके लिए सहायक है। 

पहले बुक करना होगा टिकट, आईडी प्रूफ जरूरी

अगर आप राम मंदिर जाने की योजना बना रहे हैं, तो मंदिर परिसर में जाने के लिए आपको पहले ही टिकट बुक करानी होगी। दरअसल, कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच इस समय केवल सीमित लोगों को ही रामलला के दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। इसके लिए श्रद्धालुओं को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन अपना टिकट बुक करना होगा। टिकट बुक करते समय आप कोई भी अपनी पसंद की तारीख और समय स्लॉट को चुन सकते हैं। हालांकि आप मंदिर के पास स्थित अयोध्या राम मंदिर विजिटर केंद्र जाकर ऑफलाइन टिकट भी ले सकते हैं, लेकिन वहां भीड़ होने के चलते आपको थोड़ी परेशानियां भी उठानी पड़ सकती है। इसलिए ऑनलाइन टिकट बुक करना ही बेहतर विकल्प है। यहां आपको ये जानना बहुत आवश्यक है कि आप चाहे ऑनलाइन या ऑफलाइन टिकट बुक करें, इसके लिए आपको कोई शुल्क नहीं देना होगा। आपको आरती के लिए पास जरूर लेना होगा। यह पास श्रीराम मंदिर ट्रस्ट से लेना होगा। पास के लिए आपके पास आईडी प्रूफ का होना जरूरी है। 

दिन में तीन बार होती है रामलला की आरती 

राम मंदिर में रामलला की आरती दिन में तीन बार होती है। पहली- सुबह 6:30 बजे, जिसे श्रृंगार आरती कहा जाता है, दूसरी- दोपहर 12 बजे, जिसे भोग आरती और तीसरी शाम को 7:30 बजे होती है जिसे संध्या आरती कहते हैं। रामलला की आरती में वहीं व्यक्ति शामिल हो सकता है जिसके पास आरती का स्पेशल पास होगा। एक बार में सिर्फ 30 लोग ही आरती में शामिल हो पाएंगे। आरती पास भी फ्री है यानी आपको किसी तरह का कोई शुल्क नहीं देना है। मंदिर में रामलला के दर्शन करने के समय की बात करें तो, सुबह 8 बजे से शाम 10 बजे तक श्रृद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खुले रहेगे। जानकारी के अनुसार दोपहर के समय भोग व विश्राम के लिए करीब ढ़ाई घंटे के लिए मंदिर को बंद रखा जाएगा। 

बस, ट्रेन और हवाई जहाज के जरिए जा सकते हैं अयोध्या 

अब उन लोगों की बात करते हैं जो कभी अयोध्या नहीं आए हैं या फिर उन्हें अयोध्या पहुंचने का रूट नहीं पता है। इसके लिए आप बस, ट्रेन या हवाई जहाज तीनों के जरिए अयोध्या पहुंच सकते हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की कई बसें अयोध्या और पास के शहरों जैसे-लखनऊ, फैजाबाद और गोरखपुर के बीच नियमित रूप से चलती हैं। अगर आप ट्रेन से जाने की योजना बना रहे हैं, तो इसके लिए आप ‘अयोध्या धाम जंक्शन’ पहुंच सकते हैं। यहां के लिए दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर से सीधी ट्रेनें चलती हैं। इन सब के अलावा आप हवाई जहाज की मदद से अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। इससे अलग लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अयोध्या से निकटतम हवाई अड्डा है। लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अयोध्या करीब 130 किलोमीटर दूर है, इसके लिए हवाई अड्डे पर टैक्सी और बसें आसानी से उपलब्ध रहती हैं। 

अयोध्या में ये स्थान भी घूमने लायक

अगर आप अयोध्या राम मंदिर में दर्शन करने आ रहे है तो, यहां आप कनक भवन, सरयू घाट, मोती महल, तुलसी स्मारक भवन, छोटी छावनी, त्रेता ठाकुर मंदिर, बहू बेगम का मकबरा, गुलाब बाड़ी, नागेश्वरनाथ मंदिर और हनुमान गढ़ी भी जा सकते हैं।