UP Cabinet: सीएम योगी ने राज्यपाल से की मुलाकात, 10 नवंबर को होगा कैबिनेट विस्तार

सीएम योगी और राज्यपाल की मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा फिर तेज हो गई है। उधर, सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान के देर रात लखनऊ पहुंच पर इन चर्चाओं को और बल मिल गया है।

UP Cabinet: सीएम योगी ने राज्यपाल से की मुलाकात, 10 नवंबर को होगा कैबिनेट विस्तार

UP Cabinet: उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं पिछले कई महीनों से चल रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 7 नवंबर को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की। सीएम योगी और राज्यपाल की मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा फिर तेज हो गई है। उधर, सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान के देर रात लखनऊ पहुंच पर इन चर्चाओं को और बल मिल गया है। 

10 नवंबर को होगा मंत्रिमंडल का विस्तार 

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते सप्ताह ही गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली मुख्यालय में मुलाकात की थी। इस मीटिंग में यूपी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सैद्धांतिक सहमति बन गई थी। जानकारी के मुताबिक, भाजपा के बड़े नेताओं ने सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान सहित अन्य चेहरों को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने का फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर छोड़ा है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए 10 नवंबर की तारीख तय हुई है और दीपोत्सव के पहले 10 नवंबर को राजभवन में मंत्रिमंडल विस्तार होगा। 

कई महीनों से एनडीए के संपर्क में थे राजभर

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए लगातार कई महीनों से बीजेपी के संपर्क में थे। ये भी कहा जा रहा है कि ओपी राजभर ने दिल्ली में भाजपा नेतृत्व पर दबाव बनाया है। बता दें कि इसी साल जुलाई में राजभर ने एनडीए में शामिल होने की घोषणा की थी। उसके बाद से वह मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए कई बार दिल्ली दरबार से बात कर रहे हैं। वहीं पूर्व मंत्री दारा सिंह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से कई मुलाकात कर चुके हैं।

दारा सिंह के लिए ओपी राजभर ने बनाया दबाव

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरएसएस और भाजपा के कुछ नेता घोसी उप चुनाव में मिली हार के बाद से दारा सिंह को मंत्री बनाने के पक्ष में नहीं हैं। एनडीए में दारा सिंह के नाम पर सहमति नहीं बनने से ही इतने दिनों से मामला अटका हुआ था, लेकिन ओमप्रकाश राजभर ने खुद के साथ दारा सिंह को भी मंत्री बनाने का दबाव बनाया। जिसके बाद पूर्वांचल के नोनिया चौहान मतदाताओं को साधने के लिए बीजेपी दारा सिंह को मंत्री बना सकती है। 

कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जाएंगे

मिली जानकारी के मुताबिक यूपी मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रदेश सरकार के कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। सीएम योगी अपने मंत्रियों के डेढ़ वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर उनके विभागों में बदलाव कर सकते हैं।

जुलाई 2024 के बाद होगा दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, यूपी सरकार के कुछ मंत्रियों को लोकसभा चुनाव लड़ाया जाएगा। लोकसभा चुनाव में जो मंत्री जीत जाएंगे, उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना होगा। इन मंत्रियों के इस्तीफे से खाली हुई सीटों को भरने के लिए सरकार जुलाई 2024  के बाद दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार करेगी।