UP Budget 2024: आज पेश होगा यूपी का बजट, वित्त मंत्री ने सत्र से पहले की बजट की पूजा

11 बजे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में बजट पेश करेंगे। जानकारी के अनुसार ये यूपी सरकार का अब तक का सबसे बड़ा बजट हो सकता है।

UP Budget 2024: आज पेश होगा यूपी का बजट, वित्त मंत्री ने सत्र से पहले की बजट की पूजा

UP Budget 2024: आज उत्तर प्रदेश में योगी सरकार अपना बजट पेश करने वाली है। 11 बजे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में बजट पेश करेंगे। बता दें कि ये योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का तीसरा आम बजट है। जानकारी के अनुसार ये यूपी सरकार का अब तक का सबसे बड़ा बजट हो सकता है। इसी के साथ चुनावी साल होने की वजह से वोटरों को लुभाने के लिए सरकार बजट में जनता को कई सौगात दे सकती है। गौरतलब हो कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के द्वारा पेश किए जाने वाला ये 5वां बजट होगा। 

सुरेश खन्ना ने की बजट की पूजा 

वहीं विधानसभा में बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने घर पर बजट रखकर पूजा की। पूजा में टैबलेट के साथ ही लाल रंग का बजट वाला ब्रीफकेस भी नजर आया। 

कैबिनेट ने बजट को दी मंजूरी

वहीं बजट पेश करने से पहले मुख्यमंत्री आवास पर बैठक हुई जिसमें बजट को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इसी के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि बजट में सभी तबको का ध्यान रखा गया है। जिसके बाद वो सदन पहुंचकर बजट पेश करेंगे।

लोगों के लिए समृध्दि लाएगा बजट

इस मौके पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि "2024-25 योगी सरकार का बजट राज्य के लोगों के लिए समृद्धि लाएगा। यह विकास को गति देगा और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हम चुनाव के लिए हमेशा तैयार हैं। हर क्षेत्र की जरूरतों के हिसाब से उसका ख्याल रखा गया है।

भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर आधारित है बजट

वित्त मंत्री खन्ना ने कहा कि यह सर्वसमावेशी, सर्वस्पर्शी बजट है जो वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर आधारित है। यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार स्तंभ बनेगा। इससे पहले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने रविवार को अपने कार्यालय कक्ष में हस्ताक्षर कर इसे अंतिम रूप दिया। इसका आकार 7.5 लाख करोड़ से ज्यादा की उम्मीद है।