NCP Leader Murder: पुणे में एनसीपी नेता की हत्या, पूरी प्लानिंग से आए थे हमलावर, 5 राउंड की फायरिंग

पुणे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अजित गुट के नेता और पूर्व पार्षद वनराज आंदेकर की रविवार (1 सितंबर) रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व पार्षद पर बीती रात ताबड़तोड़ पांच गोलियां चलाई गईं।

NCP Leader Murder: पुणे में एनसीपी नेता की हत्या, पूरी प्लानिंग से आए थे हमलावर, 5 राउंड की फायरिंग

NCP Leader Murder: पुणे (Pune) में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) अजित गुट (Ajit group) के नेता और पूर्व पार्षद वनराज आंदेकर (Former councilor Vanraj Andekar) की रविवार (1 सितंबर) रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व पार्षद पर बीती रात ताबड़तोड़ पांच गोलियां चलाई गईं। हमले के बाद वनराज आंदेकर (Vanraj Andekar) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

आंदेकर के करीबियों पर हत्या की आशंका 

पुलिस के मुताबिक, यह घटना पुणे के नानापेठ के डोके तलीम इलाके में देर शाम करीब 8:30 बजे हुई। वर्चस्व विवाद के चलते आंदेकर की हत्या की आशंका जताई जा रही है। आंदेकर के करीबी रिश्तेदारों पर ही हत्या का शक है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ जारी है।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

सीसीटीवी से मिली फुटेज में 5-6 बाइक पर करीब 12 युवक सवार होकर आते है और एक साथ आंदेकर पर हमला बोलते दिखाई दे रहे हैं। जिसके बाद आंदेकर अपनी जान बचाने के लिए पीछे की तरफ भागते है। इस दौरान एक हमलावर ने आंदेकर को कान से सटाकर गोली मारी और फिर हवा में फायरिंग करते हुए सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। इस दौरान मौके पर मौजूद आंदेकर के समर्थकों ने हमलावरों पर पत्थर भी फेंके। 

पूरी प्लानिंग के साथ आए थे हमलावर

जानकारी के मुताबिक, आंदेकर की हत्या के लिए हमलावर पूरी प्लानिंग करके आए थे। इलाके की लाइट काट दी गई थी। लाइट न होने की वजह से आंदेकर सड़क पर बाहर अकेले खड़े थे। हमलावरों के पास चाकू भी था। हालांकि, अभी तक आंदेकर पर चाकू से हमले की बात सामने नहीं आई है।

वनराज की मां भी दो बार रह चुकीं हैं पार्षद 

बता दें कि वनराज आंदेकर 2017 पुणे नगर निगम चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से पार्षद चुने गए थे। एनसीपी के 2 धड़ों में बंटने के बाद उन्होंने शरद पवार के भतीजे अजित पवार के गुट को समर्थन दिया था। इससे पहले उनकी मां राजश्री अंदेकर भी 2007 और 2012 में 2 बार पार्षद रह चुकी हैं। वनराज आंदेकर के चचेरे भाई उदयकत आंदेकर भी पार्षद थे। इसके अलावा उनकी बहन वत्सला आंदेकर पुणे की मेयर रह चुकी हैं।

एक आपराधिक गिरोह के मुखिया हैं वनराज के पिता 

इसके अलावा वनराज आंदेकर के पिता सूर्यकांत आंदेकर उर्फ बंडू पुणे में एक गिरोह के मुखिया हैं। उनका यह गिरोह 25 साल से अलग-अलग अपराध में शामिल रहा है। वनराज के पिता सूर्यकांत आंदेकर उर्फ बंडू को गैंगस्टर प्रमोद मालवडकर की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में उन्हें कुछ दिन पहले ही जमानत मिल गई है। सूर्यकांत आंदेकर पर हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी, मारपीट जैसे संगीन अपराध दर्ज हैं। बीते सालों में आंदेकर गिरोह और मालवडकर गिरोहों के बीच कई बार झगड़े हुए हैं। सूर्यकांत आंदेकर और 6 अन्य लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई है।