जद(एस) ने पूर्व कर्नाटक इकाई प्रमुख इब्राहिम, केरल के नेता नानू को पार्टी से निकाला

जद(एस) की कर्नाटक इकाई के पूर्व अध्यक्ष सी.एम. इब्राहिम और केरल से पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी.के. नानू को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने शनिवार को यह घोषणा की।

जद(एस) ने पूर्व कर्नाटक इकाई प्रमुख इब्राहिम, केरल के नेता नानू को पार्टी से निकाला

जद(एस) की कर्नाटक इकाई के पूर्व अध्यक्ष सी.एम. इब्राहिम और केरल से पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी.के. नानू को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने शनिवार को यह घोषणा की। यहां शनिवार को पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद एक मीडिया सम्मेलन को संबोधित करते हुए देवेगौड़ा ने दोनों नेताओं को पार्टी से बाहर करने के फैसले की घोषणा की।

देवेगौड़ा ने कहा, "इब्राहिम ने पार्टी के लाभ के लिए लिए गए फैसले का विरोध किया था और पार्टी नेताओं के खिलाफ बदनामी फैलाई थी। उनके कारण पार्टी के हित को खतरा था। इसलिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उनके निष्कासन पर सहमति बनी।"

मांड्या जिला जद (एस) के अध्यक्ष डी. रमेश और पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख पुनीथ कुमार सिंह ने इब्राहिम और नानू को निष्कासित करने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। बैठक में पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए।

इब्राहिम ने जद (एस) के भाजपा के साथ गठबंधन करने की बात पर देवेगौड़ा परिवार को चुनौती दी थी। उन्होंने देवेगौड़ा को यह कहकर चेतावनी भी दी थी कि कर्नाटक में जद(एस) के 19 में से 12 विधायक उनके संपर्क में हैं। इब्राहिम ने यह भी कहा था कि अगर देवेगौड़ा ने भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया तो वह और उनके समर्थक अपना फैसला खुद लेंगे। उधर, इब्राहिम 11 दिसंबर को राज्यव्यापी दौरे पर निकलने वाले हैं।

नोट- यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है। इसके साथ डेली लाइन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है। ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी।