Heatwave Today Alert : देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी, चुरू में 50 डिग्री के पार पहुंच तापमान

भीषण गर्मी ने देश के कई हिस्सों में कहर बरपा रखा है। लगातार पड़ रही गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। इस बीच मंगलवार को राजस्थान के चुरू में सबसे ज्यादा तापमान 50.5 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले राजस्थान का फलोदी लगातार तीन दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा।

Heatwave Today Alert : देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी, चुरू में 50 डिग्री के पार पहुंच तापमान

Heatwave Today Alert : भीषण गर्मी ने देश के कई हिस्सों में कहर बरपा रखा है। लगातार पड़ रही गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। इस बीच मंगलवार को राजस्थान (Rajasthan) के चुरू (Churu) में सबसे ज्यादा तापमान 50.5 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले राजस्थान का फलोदी (Phalodi) लगातार तीन दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं राज्य में मंगलवार को गर्मी से 16 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में गर्मी से मरने वालों की संख्या 51 हो गई है। 

7 राज्यों के लिए रेड अलर्ट 

फिलहाल, गर्मी से अभी कोई राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग (weather department) ने आज भी 7 राज्यों के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। जिसमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश शामिल है। वहीं, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा की अलग-अलग जगहों पर भी हीटवेव चलने की संभावना है। 

यूपी में 48 घंटे में 17 लोगों की मौत

वहीं, उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। यहां पिछले 48 घंटे में भीषण गर्मी की वजह से 17 लोगों की जान चली गई। मंगलवार को यूपी का झांसी (Jhansi) शहर सबसे गर्म रहा। यहा का तापमान 49 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री ज्यादा है। इसके साथ ही प्रदेश के 5 शहरों का पारा 48 डिग्री के पार दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग ने आज 10 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया है। जिसमें मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल है। यहां का पारा 48 डिग्री के पार जा सकता है।    
 

आज इन शहरों में सुबह से ही हो रही भीषण गर्मी

यूपी के कई शहरों में आज सुबह से ही भीषण गर्मी पड़ रही है। आगरा में सुबह 9.30 बजे तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को यहा 124 साल के इतिहास में दूसरी बार तापमान 48.6 डिग्री के पार पहुंच गया। इस दौरान ताजमहल (Taj Mahal) आने वाले पर्यटकों का बुरा हाल है। वे गश खाकर बेहोश हो रहे हैं। वहीं, नोएडा में सुबह 5.30 बजे पारा 33 डिग्री दर्ज किया गया। यहां सुबह 6 बजे से ही गर्मी का एहसास होने लगा। इसके बाद 8 बजे तक भीषण गर्मी होने लगी। वहीं प्रयागराज में आज सुबह से ही भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। यहां सुबह 8 बजे ही दोपहर वाली गर्मी का एहसास होने लगा। यहां मंगलवार को तापमान 48.2 डिग्री दर्ज किया गया था। बुधवार को भी तापमान 48 के करीब जा सकता है।  

लखनऊ में 44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान 

लखनऊ (Lucknow) में आज सुबह से ही भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है। आज भी हीटवेव का रेड अलर्ट है। यहां का तापमान आज भी 44 डिग्री के पार जा सकता है। बता दें बीते दिन ज्येष्ठ महीने के पहले मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

काशी में गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड 

काशी (Kashi) में गर्मी ने 10 साल के रिकॉर्ड के साथ लोगों का धैर्य भी तोड़ दिया है। यहां अधिकतम पारा 47.6 डिग्री तक पहुंच गया है। 2023 में यहा 45 डिग्री तक तापमान रिकार्ड किया गया था। वहीं, पिछले साल मई में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचा था। ये मई का नया रिकॉर्ड है। इस बीच बीते मंगलवार की देर रात उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बुधवार सुबह से ही वाराणसी समेत पूरे ईस्ट यूपी में तेज धूप है। 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चल रही है। आज भी तापमान 47 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

यूपी के 10 जिलों में वार्म नाइट और हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज ईस्ट यूपी के 10 जिलों में वार्म नाइट और हीट वेव दोनों का अलर्ट जारी किया है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और भदोही में वार्म नाइट का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया और आजमगढ़ में हीट वेव का यलो अलर्ट है।

ये भी पढ़ें..

Nautapa News: जानिए क्या होता है नौतपा जिसके चलते रामलला की सेवा में हुआ बदलाव

Heatwave Alert: भीषण गर्मी ने तोड़े पुराने रिकार्ड, बठिंडा-झांसी में 48 डिग्री के पार पहुंचा तापमान