America's school shooting: अमेरिका के स्कूल में फायरिंग, 4 लोगों की मौत-कई घायल, राष्ट्रपति ने जताया दुख

अमेरिका में एक बार फिर स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई है। यहां जॉर्जिया के एक हाई स्कूल में फायरिंग हुई। इस हमले में 4 लोगों की मौत हो गई और 9 से ज्यादा लोग घायल हुए है। मृतकों में 2 शिक्षक और 2 छात्र शामिल हैं।

America's school shooting: अमेरिका के स्कूल में फायरिंग, 4 लोगों की मौत-कई घायल, राष्ट्रपति ने जताया दुख

America's school shooting: अमेरिका (America) में एक बार फिर स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई है। यहां जॉर्जिया (Georgia) के एक हाई स्कूल में फायरिंग हुई। इस हमले में 4 लोगों की मौत हो गई और 9 से ज्यादा लोग घायल हुए है। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में मारे गए लोगों में 2 शिक्षक और 2 छात्र शामिल हैं। वहीं पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। 

हमलावर ने पुलिस के सामने किया सरेंडर 

घटना जॉर्जिया के विंडर में स्थित अपालाची हाई स्कूल (Apalachee High School) की है। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर ने सरेंडर कर दिया। हमलावर की पहचान 14 वर्षीय कोल्ट ग्रे के रूप में की गई है। जो कि उसी स्कूल का छात्र है। 

बाइडेन ने फायरिंग की घटना पर जताया दुख 

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) ने जॉर्जिया (Georgia) के स्कूल में हुई फायरिंग की घटना पर दुख जताया है। बाइडेन ने कहा कि वह उन लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हैं, जिनकी जान बेहद मूर्खतापूर्ण बंदूक हिंसा के कारण चली गई। उन्होंने आगे कहा कि विंडर, जॉर्जिया में जो खुशी का माहौल होना चाहिए था, वह अब एक और भयावह अनुस्मारक में बदल गया है कि कैसे बंदूक हिंसा हमारे समुदायों को अलग करती रहती है। उन्होंने कहा कि देश भर के छात्र पढ़ना और लिखना सीखने की बजाय झुकना और छिपना सीख रहे हैं। देश इसे सामान्य रूप से स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि देश में मूर्खतापूर्ण बंदूक हिंसा समाज को तोड़ रही है।  

बंदूक हिंसा रोकथाम के लिए कार्यालय स्थापित किया- बाइडेन

राष्ट्रपति ने कहा, "हम संघीय, प्रांतीय और स्थानीय स्तर पर अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और उन पहले प्रतिक्रिया देने वालों के आभारी हैं जिन्होंने संदिग्ध को हिरासत में लिया तथा और लोगों की जान जाने से बचाया। उन्होंने कहा कि इस बंदूक हिंसा महामारी को समाप्त करना उनके लिए व्यक्तिगत है और इसीलिए उन्होंने दोनों दलों से समर्थन वाले सुरक्षित समुदाय अधिनियम पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा, मैंने बंदूक हिंसा रोकथाम (gun violence prevention) के लिए पहला व्हाइट हाउस कार्यालय भी स्थापित किया है, जिसकी देखरेख उपराष्ट्रपति हैरिस (Vice President Harris) करती हैं। हमने महत्वपूर्ण प्रगति की है, लेकिन इस संकट के लिए और भी अधिक करने की आवश्यकता है।

2024 में गोलीबारी की 46 घटनाएं हुईं

बता दें कि अमेरिकी सरकार स्कूल की गोलीबारी के आंकड़े नहीं रखती है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 2024 में 46 ऐसी गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। इनमें 131 लोग मारे गए हैं। 1999 में कोलंबिन हाई स्कूल (Columbine High School) में गोलीबारी में 15 लोग मारे गए थे।