Airplane Crash: ब्राजील में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त, 2 क्रू मेंबर समेत 14 यात्रियों की मौत

Airplane Crash: ब्राजील के अमेजनस राज्य की राजधानी मनौस से करीब 400 किमी दूर बार्सिलोस प्रांत में हुआ। यह दुर्घटना भारतीय समय के मुताबिक करीब रात 11:30 बजे हुई। ब्राजील के सिविल डिफेंस ने सभी की मौत की पुष्टि की है।

Airplane Crash: ब्राजील में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त, 2 क्रू मेंबर समेत 14 यात्रियों की मौत

Airplane Crash: ब्राजील (Brazil) के उत्तरी अमेज़न राज्य (Amazon State) में शनिवार (16 सितंबर) को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ब्राजील और अमेरिका के यात्री शामिल थे। सभी यात्री बार्सिलोस (barcelos) में फिशिंग के लिए जा रहे थे। यह हादसा देश के अमेजनस राज्य (Amazon State) की राजधानी मनौस (capital manaus) से करीब 400 किमी दूर बार्सिलोस प्रांत (Barcelos Province) में हुआ। यह दुर्घटना भारतीय समय के मुताबिक करीब रात 11:30 बजे हुई। ब्राजील के सिविल डिफेंस (civil defense) ने सभी की मौत की पुष्टि की है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कमेटी बनाई गई है।

लैंडिंग से पहले दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के वक्त वहां तेज बारिश हो रही थी। माना जा रहा है कि खराब मौसम के चलते पायलट प्लेन को लैंड कराने के लिए लैंडिंग स्ट्रिप (landing strip) का अनुमान नहीं लगा पाया और ये हादसे का शिकार हो गया। नेशनल सिविल एविएशन एजेंसी (National Civil Aviation Agency) से मिली जानकारी के मुताबिक, 18 यात्रियों की क्षमता वाला यह एयरक्राफ्ट ब्राजील की ही मनौस एयरोटैक्सी एयरलाइन (Manaus Aerotaxi Airlines) नाम की कंपनी का था। दो इंजन वाले इस विमान का नाम EMB-110 था। इस प्लेन ने मनौस से बार्सिलोस की तरफ उड़ान भरी थी। ये 90 मिनट की फ्लाइट थी। यात्रा खत्म होने से पहले ही यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें विमान के 2 क्रू मेंबर समेत 14 यात्रियों की मौत हो गई। कंपनी ने भी इस हादसे की पुष्टि कर दी है।

जांच के बाद देंगे सभी जरूरी अपडेट 

विमान के मालिक मनौस एयरोटैक्सी एयरलाइन (Manaus Aerotaxi Airlines) ने कहा कि फ्लाइट और उसके चालक दल ने उड़ान भरने के लिए सभी जरूरतों को पूरा किया। कंपनी ने कहा कि वह जांच कर रही है। हालांकि, हादसे में मारे गए लोगों के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। मनौस एयरोटैक्सी एयरलाइन ने कहा कि गोपनीयता के कारण हम अधिक जानकारी नहीं दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर सभी जरूरी जानकारी और अपडेट देंगे। 

गवर्नर विल्सन लीमा ने घटना पर जताया दुख 

इस घटना पर अमेजन के गवर्नर विल्सन लीमा (Governor Wilson Lima) ने दुख जताया है। गवर्नर विल्सन लीमा ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। गवर्नर ने एक्स पर लिखा कि, ‘शनिवार को बार्सिलोस में विमान दुर्घटना के शिकार हुए 12 यात्रियों और चालक दल के दो सदस्यों की मौत पर मुझे गहरा अफसोस है।’ अमेजन के गवर्नर ने कहा कि हमारी टीम ने आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए काम शुरू कर दिया हैं। उन्होंने लिखा कि, मेरी सहानुभूति और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और दोस्तों के साथ हैं। 

एक व्यापारी ने किराए पर लिया था विमान

वहीं, बार्सिलोस के मेयर एडसन डी पाउला रोड्रिग्स मेंडेस (Mayor Edson de Paula Rodriguez Mendes) ने बताया कि, इस विमान को एक व्यापारी ने किराए पर लिया था, जो स्थानीय स्तर पर गेम फिशिंग का काम करता था। उन्होंने कहा कि प्लेन में ब्राजील के अन्य हिस्सों से आए उनके दोस्त भी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि, हादसे में मृतकों के शवों को औपचारिक पहचान के लिए मनौस ले जाया गया।

बता दें कि बार्सिलोस एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, क्योंकि यह कई राष्ट्रीय उद्यानों के करीब है। सितंबर महीना फिशिंग सीजन का सबसे अच्छा समय माना जाता है। इस दौरान यहां पर काफी भीड़भाड़ देखी जाती है। यह राज्य अपनी कई खास प्रजाति की मछलियों के लिए जाना जाता है।