Delhi Congress President : दिल्ली में कांग्रेस को झटका, अरविंदर सिंह लवली ने दिया इस्तीफा, बताई नाराजगी की वजह

लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दिया है।

Delhi Congress President : दिल्ली में कांग्रेस को झटका, अरविंदर सिंह लवली ने दिया इस्तीफा, बताई नाराजगी की वजह

Delhi Congress President : लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दिया है। उन्‍होंने इसके पीछे आम आदमी पार्टी से हुए गठबंधन को कारण बताया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में उन सभी बातों का जिक्र किया है, जिसके खिलाफ थे। लवली ने कहा कि आम आदमी पार्टी बनी ही थी कांग्रेस पर आरोप लगाकर, फिर उससे गठबंधन कैसे कर सकते हैं?

AAP के साथ गठबंधन का फैसला बताया गलत

अरविंदर सिंह लवली ने अपने इस्तीफे में लिखा, "दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद, पार्टी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।" उन्होंने ये भी कहा कि दिल्ली में कांग्रेस को केवल तीन ही सीटें दी गईं। उनकी नाराजगी इस बात को लेकर भी थी कि इन तीनों सीटों में दो सीटें बाहरी व्यक्तियों को दी गई।

इस्तीफे के कई कारण बताए

प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने का कारण बताते हुए अरविंदर सिंह लवली ने लिखा, 'दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा लिए गए सभी सर्वसम्मत निर्णयों को AICC महासचिव (दिल्ली प्रभारी) ने एकतरफा वीटो कर दिया। AICC महासचिव ने मुझे DPCC में कोई वरिष्ठ नियुक्ति करने की अनुमति नहीं दी। मीडिया के रूप में एक अनुभवी नेता की नियुक्ति के लिए मेरे अनुरोध को सिरे से खारिज कर दिया गया।'

कन्हैया और उदित राज को टिकट देने से नाराज

दिल्ली की दो सीटों पर बाहरी व्यक्ति को लेकर अरविंदर सिंह लवली का निशाना कन्हैया कुमार और उदित राज पर था। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के ऐलान से पहले सूचित नहीं किया गया। लवली ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस प्रवक्ता की नियुक्ति से रोका गया। इस तरह के कई कारण हैं, जिसके चलते उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है, तो वहीं उत्तरी पश्चिमी दिल्ली से उदित राज को टिकट दिया है।