Ashok Chavan Resigns: कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने दिया पार्टी से इस्तीफा

महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक शंकरराव चव्हाण ने विधायक पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

Ashok Chavan Resigns: कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने दिया पार्टी से इस्तीफा

Ashok Chavan Resigns: महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक शंकरराव चव्हाण ने विधायक पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को सौंप दिया है। वहीं, अब ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि वो अब बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। बताया जा रहा है कि बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्हें राज्यसभा से टिकट दिया जा सकता है।

चव्हाण ने विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर से मुलाकात की

अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफे की जानकारी देते हुए बयान जारी कर कहा, ‘मैं 12/02/2024 की दोपहर से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपता हूं।’ महाराष्ट्र में जारी तीव्र राजनीतिक गतिविधियों के बीच चव्हाण ने विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर से मुलाकात की। इसके बाद वो गायब हो गए।

पत्र में खुद को "पूर्व विधायक" बताया 

उन्होंने अपने इस्तीफा पत्र में खुद को 'पूर्व विधायक' बताया है, लेकिन ध्यान देने वाली बात है कि उन्होंने अपने इस्तीफा देने के पीछे की वजह के बारे में किसी भी प्रकार का कोई खुलासा नहीं किया है। वहीं, इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पटोले दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां वो अशोक चव्हाण द्वारा लिए गए इस औचक फैसले पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं संग मंत्रणा कर सकते हैं।

अशोक को राज्यसभा भेज सकती है भाजपा

अशोक चव्हाण नांदेड से कांग्रेस के विधायक हैं। वह पिछले काफी दिनों से पार्टी से नाराज बताए जा रहे थे और खबर है कि वह बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी चव्हाण को राज्यसभा की सीट दे सकती है। सूत्रों ने इसके साथ ही बताया कि 10 से 12 विधायक भी चव्हाण के संपर्क में हैं और आने वाले समय में पाला बदल लेंगे।