I.N.D.I. Alliance: अखिलेश यादव के बयान से दिखी इंडिया गठबंधन में फूट, कांग्रेस को कहा चालू पार्टी

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर चल रहे प्रचार के दौरान एक रैली में शामिल सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए न तो जातीय जनगणना होने दी और न ही पिछड़ों के आरक्षण के लिए मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू होने दी।

I.N.D.I. Alliance: अखिलेश यादव के बयान से दिखी इंडिया गठबंधन में फूट, कांग्रेस को कहा चालू पार्टी

I.N.D.I. Alliance: 5 राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर चल रहे प्रचार के दौरान सभी राजनीतिक पार्टियों के नेता एक दूसरे के ऊपर जवाबी निशाने साधते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में अब नाम आया है समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का। दरअसल मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर चल रहे प्रचार के दौरान एक रैली में शामिल सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए न तो जातीय जनगणना होने दी और न ही पिछड़ों के आरक्षण के लिए मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू होने दी। सपा नेता ने कहा कि जो काम पहले कांग्रेस करती थी वही अब भारतीय जनता पार्टी कर रही है।   

कांग्रेस को कहा चालू पार्टी

कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस चालू पार्टी है। उसने समाजवादी पार्टी को धोखा दिया है। और जब कांग्रेस हमें धोखा दे सकती है तो आप लोगों को भी दे सकती है। अखिलेश ने लोगों से कहा कि आप लोग बीजेपी को तो वोट दीजिएगा ही नहीं साथ ही कांग्रेस को भी मत देना.

पीडीए का भी किया जिक्र

रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने पीडीए का भी जिक्र किया। इसमें अखिलेश ने कहा कि पीडीए का कमाल तो देखिए अब तो भारतीय जनता पार्टी के भी सुर बदल गए हैं। अब तो भाजपा भी जातीय जनगणना कराने के लिए तैयार है। लेकिन कांग्रेस पार्टी तो पहले ही पलटा मार चुकी है।

इंडिया गठबंधन में रार

बता दें कि जब से मध्य प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच के मतभेद सामने आए हैं तब से अखिलेश यादव कांग्रेस पर हमलावर हो गए हैं। कभी सपा तो कभी कांग्रेस एक दूसरे को घेरते हुए ही नजर आ रही हैं जिससे इंडिया गठबधन में आई फूट साफ देखने मिल रही है।